समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका
-------------------------


Wednesday, September 7, 2016

काल्पनिक विलास रोग के फैलता वायरस कौन ढूंढेगा-हिन्दी व्यंग्य लेख (Dream Troble viras denger for Society-Hindi Article)

        उस दिन एक चैनल पर एक मनोरोग की चर्चा आ रही थी जिसमें बताया गया कि आदमी अपने चक्षुओं से कोई बेहतर वस्तु, विषय या व्यक्ति देखता है तो उसके साथ दिमाग में स्वयं को श्रेष्ठ रूप से जुड़ा अनुभव करता है। हम अपनी भाषा में कहें तो वह ‘काल्पनिक विलास’ पालता है। चर्चा में बताया गया कि जब कोई आदमी किसी बड़े क्रिकेट खिलाड़ी को देखता है तो उसे लगता है कि वह स्वयं भी बड़ा क्रिकेट खिलाड़ी है। अगर किसी ने अच्छा काम किया है तो वह कल्पना करता है कि वह भी ऐसा ही कर रहा है। हमारे देश में ’कल्पना’ रोगियों की संख्या कितनी है मालुम नहीं पर रुपहले पर्दे पर नायक नायिकाओं के अभिनय को देखकर लोग वैसा दिखने तथा करने का अभिनय स्वयं को ही करके दिखाना चाहते हैं।  सेल्फी और मोटर साइकिल पर सवारी के दौरान मोबाइल पर बातें करते लोग ऐसी ही ‘कल्पना रोग’ के शिकार दिखते हैं।  रास्ते में अनेक लोग मोटर साइकिल चलाते हुए कान से मोबाइल पर बात करते हुए इस तरह चलते हैं जैसे कि सामने कोई कैमरा उनके अभिनय को रिकार्ड कर रहा है जिसे बाद में कहीं दिखाया जायेगा।  सेल्फी  तथा वाहन चलाते हुए मोबाइल पर बात करते हुए अनेक दुर्घटनायें हो रही हैं उससे तो लगता है कि हमारे देश में कल्पना रोग भी फैल गया है। एक बात समझ में नहीं आती कि किसी उद्यान, मूर्ति या तालाब के पास सेल्फी लेकर हम किसे दिखाना चाहते हैं और क्यों?
         एक सवाल हम अपने आप से पूछें कि क्या हमें पता है कि किसी को सेल्फी दिखाने पर वह हृदय से प्रभावित होता है या केवल शाब्दिक प्रशंसा कर रहा जाता है?
    इसका जवाब हम स्वयं ही ढूंढें कि हमें कोई सेल्फी दिखाता है तो हमारी बाह्य प्रतिक्रिया तथा आंतरिक प्रतिकिया में अंतर होता है या नहीं।
   कम से कम इस लेखक का अनुभव तो यही रहा है कि किसी भी आदमी का व्यवहार, विचार और व्यक्तित्व अगर भौतिक रूप से सुखदायक हो तो वह हर जगह प्रभाव डालता है। जीवन में अनेक ऐसे लोग मिले जिन्होंने अपने साथ हुई मुलाकातों में प्रभावित किया तो ऐसे भी मिले जो अपने सामानों का प्रदर्शन करते रहे और हम उदासीन भाव से देखते सुनते रहे। यह अलग बात है कि बाहर जाहिर होने नहीं दिया।  हमारा मानना है कि अपने सामान से प्रभावित करने वाले लोगों में अपने ही व्यक्तित्व और कृतित्व को लेकर संदेह होता है जिसे वह प्रदर्शन कर छिपाना चाहते हैं।  शाब्दिक ज्ञान के अभाव में लोग अर्थ में ही अनर्थ करते हैं-यानि अपने धन से ही अपने को बुद्धिमान, प्रतिभावान तथा मिलनसार साबित करने का प्रयास करते हैं। वैसे ही हमारे यहां धनियों मेें ढेर सारी कमियों के बाद भी उन्हें खानदानी, सभ्य और बुद्धिमान हमारा संपूर्ण समाज मानता है। बहरहाल कल्पना रोग के फैलते वायरस पर भी कोई अनुसंधान होना चाहिये। हम ध्यान क्रिया को इसका उपाय मानते हैं पर यह सभी के लिये नहीं सुझा रहे।

Monday, September 5, 2016

फेसबुक की आभासी दुनियां में बीते सपने फिर सत्य की तरह सामने आ रहे हैं (FaceBook and Past DReam of Life)

अगर हम अपने प्राचीन दर्शन का अध्ययन करें तो यह निष्कर्ष भी आता है कि इस प्रथ्वी पर जीवन ब्रह्मा जी की निद्रा की अवस्था देखे जा रहे सपने में रहता है। जब वह जाग्रत होते हैं तो सब शून्य हो जाता है। हम जब रात को सोते हैं तो इसी तरह अनेक प्राणी सपने में आते हैं। कभी दुःख तो कभी सुख आता है। जब हम जागते हैं तो एकदम अचंभा होता है कि जो निद्रा के दौरान स्वप्न था वह सब गायब हो गया। लगता है कि हम जागे हैं और सत्य सामने हैं। सत्य का यह भ्रम भी हो सकता है क्योंकि जो सामने है वह भी तो कभी लुप्त होना ही है। संभव है कि हम सपने में जो व्यक्ति देखें हों वह उतने पल तक सांसे लेकर अपने सत्य होने की अनुभूति करते हों जैसे हम ब्रह्मा जी के सपने में जी रहे हैं। हमारी जाग्रत अवस्था भी ब्रह्मा का सपना हो सकती है। पता नहीं हम हैं भी या नहीं।
मगर जब तक सांसें ले रहे हैं तब यह अहसास रखना ही चाहिये कि हम इस धरती पर मौजूद हैं। फकीर हो या सन्यासी वह इस जीवन को भ्रम मानते हैं पर सांसें लेते समय उन्हें भी अपने अस्तित्व की निरंतरंता की अनुभूति जरूर होती है। पिछले सात दिनों से फेसबुक पर कुछ ऐसी ही अनुभूति भी हो रही है जो सपने तथा सत्य के बीच अंतर्द्वंद्व से भरी है। ज्ञान साधना करते हुए हमने यह देखा कि हर दिन कल देखा गया सपना हो जाता है। अनेक लोग ऐसे हैं जो हमसे कार्यालय, घर तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मिले फिर अदृश्य हो गये। उनकी यादें ऐसे ही रहीं जैसे कि जागने पर सपने की होती थी-अब हमें रात के सपने याद नहीं रहते जो कि अच्छी निद्रा का प्रमाण होता है। हमारे दो फेसबुक हैं। एक पर हम करीब आठ वर्ष से सक्रिय हैं। इसका संबंध ब्लॉग के समय से हुआ था इसलिये सार्वजनिक मित्रों से संपर्क हुआ। एक निजी था जिसमें हमारे दो चार रिश्तेदार ही हुआ करते थे। कभी सोचा नहीं था कि फेसबुक समय के साथ इतना विराट रूप धारण करेगा। समय के साथ निजी फेसबुक पर कुछ मित्र आये। पिछले तीन महीने में कार्यालय के एक दा ेमित्रों ने इसका अनुसरण किया तो उससे बाकी लोगों की नज़र में आये। फिर हमने देखा कि फेसबुक हमारे उन्हें मित्रों को सामने रख रहा है जिन्होंने हमें छोड़ा या हम उन्हें छोड़ आये। हमने सोचा चलो अब उन्हें मित्र बनाते हैं। अचानक मित्रों की संख्या बढ़ गयी। यादों में बीते सपने की तरह मौजूद व्यक्तित्व फिर इस आभासी दुनियां में -इंटरनेट के पुराने लेखक इंटरनेट को इसी नाम से जानते हैं-जागते हुए लौट आये हैं। यह आभास दिलचस्प है। सपनों के बारे में एक पश्चिमी वैज्ञानिक कहते हैं कि रात को देखे सपने अगर सुबह उठने पर याद आयें तो इसका अर्थ यह है कि आप ढंग से सोये नहीं। सपनो के बारे में हमारे यहां कुछ लोग कहते हैं कि ब्रह्म मुहूर्त में देखे गये सपने सत्य होते हैं। हमारा मानना है कि सांसों का चलना सत्य है इसलिये जब तक ले रहे हैं शान से जीना चाहिये।
-------------

Saturday, September 3, 2016

क्लेश से बचने के लिये राग का त्याग करना सहज नहीं-हिन्दी लेख (Raga ka Tyag karne par Kilesh ka bacha ja sakta hai-Hindu Religion Article)

       17 महीने पूर्व ही सेवा से प्रथक होने का निर्णय करना आसान नहीं होता पर हमारे लिये एकदम सहज था।  इसकी पृष्ठभूमि पिछल दस वर्षो में बन रही थी। हमें लगने लगा था कि अब इस नौकरी नाम के राग से मुक्त होकर उन्मुक्तता से विचरण करना चाहिये। पतंजलि योग के सिद्धांतों के अनुसार ‘क्लेश का जनक राग है’। सोलह वर्ष पूर्व जब उच्चरक्तचाप तथा वायुविकार का शिकार हुए थे तब लगने लगा था कि हमारा जीवन अब पतन की तरफ जा रहा है।  उसी दौरान ही भारतीय योग संस्थान के शिविर में योग साधना का प्रशिक्षण लिया। वहां आसन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास करने लगे।  उसके बाद आया अंतर्जाल का युग जिसने हमारे जीवन की धारा बदल दी।  हिन्दी व अंग्रेजी टंकण के अभ्यास ने यहां ब्लॉग लेखन में भारी मदद की। लिखने के लिये हमने चाणक्य, कबीर, तुलसी, रहीम तथा अन्य संतों के दर्शन से जुड़ी सामग्री का अध्ययन किया।  कहा जाता है कि ‘करत करत अभ्यास, मूर्ख भये सुजान’। अपने बारे में हम कह सकते हैं कि ‘लिखत लिखत दिखत दिखत, अहंकारी भये निरंकारी’। दस वर्ष पूर्व जब श्रीमद्भागवत गीता का अध्ययन का पाठ करना तो दंग रह गये।  इस सृष्टि का सत्य जिस तरह सामने आया उसे देखकर लगा कि जैसे यह एकदम नया है। महापुरुषों के दर्शन की आधुनिक संदर्भ में व्याख्या करने के अभ्यास ने श्रीगीता के अध्ययन में सुविधा प्रदान की। हमारे एक सहकर्मी मित्र अजय गौड़ हैं। उन्होंने यह सुझाव दिया कि श्रीगीता के हम उस संस्करण का अध्ययन करें जिसमें महात्मय बताने वाली कथायें न हों वरन् सीधे संस्कृत के श्लोक हिन्दी में अनुवादित हों उसे पढ़ें और समझें।
श्रीमद्भागवत गीता के अध्ययन ने ध्यान की क्रिया के लिये प्रेरित किया।  कार्यालय परिसर में ही स्थित श्रीहनुमान के मंदिर में हमने जब ध्यान लगाने का अभ्यास प्रारंभ किया तो उसने अंतर्चक्षु खोल दिये।  पतंजलि योग साहित्य में राग व क्लेश के सहसंबंध के सिद्धांत की व्याख्या जब हमने अंतर्जाल पर लिखी तो वह आत्मसात हो गयी।  उसके बाद लगने लगा कि जीवन का नष्टप्रायः होना तय है पर उससे पहले उन्मुक्त भाव से जीने के लिये रागों का त्याग करना आवश्यक है। यह सत्य है कि जब तक जीवन है काम, क्रोध, मोह, लोभ तथा अहंकार जैसे राग नहीं छूटते पर योग साधना तथा ज्ञान के अभ्यास से इनकी समय समय पर धारा अवरुद्ध की जा सकती है। ध्यान इसमें ब्रह्मास्त्र का काम करता है।  यह अनुभव हुआ कि गरीब हो या अमीर सभी धन कमाते हैं पर पूरा उपयोग नहीं कर पाते-भविष्य में धनाभाव का संकट न हो इसलिये जूझते रहते हैं।  हमसे लोगों ने पूछा था कि ‘सेवानिवृत्ति के बाद क्या करोगे? हम कहते थे कि ‘मौज करेंगे’। लोगों को इस बात पर यकीन नहीं हुआ।
हमारे बड़े मामाजी श्री मैहरसिंह कुर्सीजा विद्युत विभाग से अधीक्षण यंत्री पद से निवृत्त हुए हैं।  जब हम छोटे थे तब वह नवयुवक थे और चंदामामा तथा नंदन किताबें अपने घर पर लाते थे।  अक्षरज्ञान होने पर हम नानी के घर जाकर पढ़ते थे। वहां  अंतर्मन में लेखक पैदा हुआ। उसके बाद मामा हनुमान चालीस पढ़ने लगे। उनकी देखादेखी हमारे अंदर भी अध्यात्मिक भाव पैदा हुआ।  हम जब किराये के मकान में रहते थे हमारी माताजी ने तब एक ंपंडित जी से तुलसीदास का रामचरित मानस पढ़ने के लिये लिया। हमने भी उसे पढ़ा।  हमारे अंदर एक लेखक ने तब युवा रूप लिया।  मामाजी के निरंतर संपर्क के कारण हमारे अंदर अध्यात्मिक तत्व हमेशा रहे।  उसके योग साधना तथा श्रीगीता के अभ्यास ने उसे बृहत रूप दे दिया।
सेवा का त्याग कोई त्याग नहीं है। हमारा उद्देश्य अपने व्यक्तित्व को एक स्थान पर केंद्रित करना है ताकि कोई रचनात्मक कार्य कर सकें। यही रचनात्मकता हमें मौज प्रदान करती है। हम अपने माता पिता तथा मामा का इस बात के लिये आभार व्यक्त करते रहें हैं कि उन्होंने हमारे अंदर जीवन से संघर्ष तथा अध्यात्म के जो गुण स्थापित किये वही हमारी शक्ति है। हमारा मानना है कि जिसके अंदर बालपन में ही अध्यात्म का तत्व स्थापित हुआ वही सुखी है वरना बड़ी उम्र में तो भटकाव से बचना मुश्किल है।  केवल मंदिर में घूमने या भजन की चौपाल में बैठकर समय पास हो सकता है पर हृदय में अपनी ही आयु का बोझ उठाना कठिन लगता है। हमने तो यह भी देखा है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी लोग एक बार फिर दूसरी सेवा ढूंढतें हैं। पुरुष के लिये कमाते रहना जिंदा रहने का सबसे सरल बहाना है।  कहते हैं कि समय पास करना जरूरी है।  समय तो पास होता ही है चाहें हम करें या नहीं। प्रश्न यह है कि हम उसे आनंद से पास कर रहे हैं या तनाव से।  तय बात है कि जहां राग होगा वहां क्लेश होगा।  राग सीमित होेंगे तो क्लेश भी कम होगा-यह बात पढ़ने सुनने में अजीब लगे पर यही सच भी है।
---------------

Thursday, September 1, 2016

समाज सेवा के लिये शासकीय सेवा छोड़ आये हम-हिन्दी लेख (VRS for Social Servic-Parsonal Hindi Artcile)

33 वर्ष केंद्रीय सेवा से कल हमने स्वेच्छा से निवृत्ति ले ली। कार्यालय महालेखाकार (लेखा व हकदारी-प्रथम) मध्यप्रदेश नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक के अधीनस्थ एक संगठन है जिसमें राज्य सरकार का लेखा रखा जाता है। जनता से इसका सीधा जुड़ाव नहीं है इसलिये वेतन के अलावा कोई अन्य राशि हमारे खाते में कभी नहीं जमा हुई।  सेवा के प्रारंभिक वर्षों में पहले लगता था कि दुर्भाग्य से ईमानदारी अपने हिस्से आयी, पर बाद के वर्षों में लगा कि यह हमारा सौभाग्य ही है कि कोई हमारी आर्थिक ईमानदारी पर संदेह नहीं कर सकता।  समय पूर्व सेवा से हटने के कारणों पर अनेक बातें हो सकती हैं।  मूल बात हमारे साथ यह थी कि आर्थिक रूप से हमारी स्थिति ठीकठाक थी। उसके बाद हमें लगा कि अब जीवन में कुछ सार्वजनिक रूप से कार्य करना चाहिये। पिछले 16 वर्षों से योग साधना अभ्यास, 12 वर्षों से श्रीमद्भागवत गीता का अध्ययन तथा 10 वर्षों से अंतर्जाल पर अध्यात्मिक लेखन के लिये चाणक्य, विदुर, कबीर, गुरुवाणी, तुलसीदास, रहीम तथा अन्य अनेक महान विभूतियों की रचनाओं के संपर्क ने हमारे अंदर के एक ऐसे लेखक को जिंदा रखा जो चिंतन करने का आदी हो गया है। अनेक लोग अंतर्जाल पर संदेश देकर सामाजिक तथा अध्यात्मिक विषयों के सम्मेलनों के लिये व्याख्यान देने का आमंत्रण देते पर हम कार्यालयीन दबावों के चलते स्वीकार नहीं कर पाये। अब सोचा कि योग, गीता तथा भारतीय अध्यात्मिक विषयों को वर्तमान संदर्भों से जोड़ने के अभियान पर मुक्त भाव से विचरेंगे।
नौकरी चाहे बुरी हो या अच्छी वह नौकरी होती है। बंधा हुआ धन मिलता है पर अनेक प्रकार के बंधनों की शर्त भी जुड़ी होती है। नौकरी ऐसा सुविधाभोगी जीव बना देती है कि मामूली दुविधा भी विकट लगती है। जिन लोगों को जीवन गुजारने के लिये संघर्ष करना पड़ता है वह सोचते हैं कि नौकरी वाला सुखी है-इस भ्रम के कारण बाबू जाति बदनाम भी हुई है।  इतनी कि जिन बाबूओं को वेतन के अलावा अन्य परिलब्धि नहीं होती सामान्यजन उनको भी संदेह की दृष्टि से देखते है। कोई यकीन ही नहीं करता कि बाबू होकर भी हम कमाई नहीं कर रहे।
हमारा कार्यालय एक बृहद भवन में स्थित है।  जब हम प्रारंभ में आये तो चार से पांच हजार कर्मचारी काम करते थे।  अब संख्या हजार भी नहीं है। अनेक लोगों को सेवा में आते और जाते देखा। हमारे अनेक मित्र सेवानिवृत्त हो गये। नये आये मित्र बने। जीवन के साथ सेवा भी काफिले की तरह चलती रहीं।  अंततः हम भी निकल आये। अनेक प्रकार के अनुभव तथा कहानियां जेहन में है जो समय आने पर लिखते रहेंगे।  कुछ लोगों की याद हमेशा सतायेगी तो कुछ का हम अब भी पीछा करेंगे। जब सेवा में गये तो जीवन के प्रति उत्साह था तो छोड़ते समय भी सार्वजनिक रूप से कुछ करने का विचार जोर मार रहा है। निश्चित रूप से इस सेवा ने हमें जीवन में एक ऐसा आर्थिक संबल प्रदान  किया जिससे समाज की बौद्धिक सेवा सहजता से की जा सकती है।  हम नौ वर्ष से अंतर्जाल पर सक्रिय है तब अनेक मित्र पूछते थे कि तुम्हें वहां कौन पढ़ता है? हम मुस्कुराकर रह जाते थे। हैरानी इस बात की है कि सेवा से प्रथक होने से चार पांच माह पूर्व ही कार्यालय के अनेक परिचित ही फेसबुक पर मित्र बनते गये। स्मार्टफोन ने अंतर्जाल का उपयोग बढ़ाया है। कुछ लोग कहते हैं कि सोशल मीडिया ने आपसी संपर्क कम किया है पर सच यह है कि फेसबुक हमारे साथ ऐसे मित्रों को जोड़े रखेगा जिन्हें अब हम सहजता से नहीं मिल पायेंगे।

Tuesday, August 9, 2016

खेलने से ज्यादा खिलाड़ियों का मजाक उड़ाना ज्यादा आसान-ओलंपिक पर हिन्दी लेख(A Hindi Article and editorial On RioOlympic2016 Rio2016)

                             ऑलंपिक में भारत एक भी पदक नहीं जीते तो हमें शर्म नहीं आयेगी? एक कथित लेखिका ने वहां गये भारतीय खिलाड़ियों का मजाक उड़ाते हुए लिखा है कि ‘सेल्फी लो और वापस आओ। यह पैसे की बर्बादी हैै।’
                     जिन लोगों का खेल से ज्यादा बकवास पर अधिक विश्वास है या फिल्म और क्रिकेट में अपने शब्द खर्च किये हैं ऐसे लेखक विचारक अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत और भारत की स्थिति का आंकलन किये बिना बकवास करते हैं। एक समय हॉकी में भारत और पाकिस्तान का दबदबा था-बुजुर्ग लेखिका को शायद पता नहीं होगा उस समय हॉकी मैदान पर खेली जाती थी न कि टर्फ पर-इस कारण दोनों देशों में हॉकी का पता हुआ।  टर्फ का विकास ही हॉकी में एशियाई वर्चस्व समाप्त करने के लिये किया गया। आज पाकिस्तान की टीम ऑलंपिक में नहीं है और हमारी भी अधिक संघर्ष नहीं कर पायेगी पर इसमें शर्मिंदा होने की बात नहीं क्योंकि हमारे देश के लोग धरती पर ही खेलते हैं। यहां नकली मैदान सहज उपलब्ध नहीं है। स्थिति यह हो गयी है कि पहले उबड़ खाबड़ मैदान पर हाकी खेलते बच्चे मिल जाते थे पर आज उसकी जगह क्रिकेट खेली जाती है।  क्रिकेट भी अब इसलिये बचा  कृत्रिम मैदान तैयार करने के लिये ब्रिटेन इसलिये तैयार नहीं हैं क्योंकि वह उसका जनक है और परंपरा तोड़ना वहां के लोग सही नहीं समझते।  हम कभी ऐसी जिद्द नहीं पालते। यह क्रिकेट  प्राकृतिक मैदान  जो चल रहा है वह ब्रिटेन की वजह से है। अगर इसमें भी बदलाव हो जाता तो भारत वहां से भी लापता हो जाता। उसी तरह कुश्ती तथा ऊंची कूद मेें भी गद्दों का उपयोग होने लगा है जबकि हमारे देश के बालक धरती या रेत से शुरुआत करते हैं। जब रेत पर कुश्ती होती थी तब कुश्ती में हमारे पहलवानों का भी नाम होता था। इतना ही नहीं खेलों के नियम भी पश्चिमी तथा विकसित देशों की सुविधा से बनते बिगड़ते हैं। जिसे समझने में भारतीय खिलाड़ी देरी करते हैं। जबतक  समझ पायें तब तक नियम बदल दिये जाते हैं।  हमने बचपन में रेत पर अभ्यास किये हैं। कबड्डी क्रिकेट और हाकी प्राकृतिक मैदान पर ही खेला। इसलिये पता है कि खेल में दमखम लगता है। यह अलग बात है कि लेखक हो गये पर इतना पता है कि खेलने से ज्यादा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बकवास करना ज्यादा आसान है।
                        हमारे देश के खिलाड़ी वहां गये हैं सभी प्रशंसा के पात्र हैं। पैसे की बर्बादी जैसा विषय अगर बहस पटल पर लाया जाये तो बहुत सारे संदर्भ मिल जायेंगे। जो पैसा उन पर खर्च हुआ है वह सामान्य जनमानस का ही है जो जानता है कि विदेशी धरती, मैदान तथा नियम भारतीय खिलाड़ियों के लिये हमेशा अनुकूल नहीं होते। एक खेलप्रेमी होने पर भी हमें भारत की हार से निराशा नहीं होती क्योंकि पता है ऑलंपिक का आयोजन ही  पश्चिमी व विकसित देशों को आत्ममुग्धता की स्थिति प्रदान करने के लिये किया जाता है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी संघर्ष करते हुए वहां पहुंचते हैं-यही पर्याप्त है।
-------------

Sunday, July 17, 2016

कश्मीरी जनमानस अलगावादियों से दूरी बनाये तो ही बेहतर होगा-हिन्दी लेख (Kashmir Public and India-Hindi editorial on Kashmir Politics)

                       कश्मीर की स्थिति के बारे में अनेक लोग अपने अपने दृष्टिकोण से राय दे रहे हैं।  अनेक लोग दावा करते हैं कि वह वहां की वास्तविक सत्यता से परिचित हैं जिससे सरकार नहीं जानती।  यह लोग वहां सेना की उपस्थिति पर सवाल उठाकर मानवाधिकारों के संरक्षक बनते हैं।  अभी तक इनकी दाल गल रही थी पर लगता नहीं कि अब इनके प्रपंच अधिक चलेंगे।
हमारी दृष्टि से कश्मीर का जनसामान्य अपनी निष्क्रियता के कारण ऐसे तत्वों की उपेक्षा करने में नाकाम रहा है जो वास्तव में उसके लिये ही खतरनाक हैं।  कश्मीर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन व्यवसाय का अधिक योगदान है जिस कारण वहां के स्थानीय निवासियों  की नियमित आय में कमी नहीं होती। यही कारण है कि कथित अलगाववादियों के आह्वान पर वह दुकानें बंद कर बैठ जाते हैं। हर शुक्रवार को धार्मिक स्थानों पर भीड़ की उपस्थिति का लाभ उठाकर अलगाववादी सरकार के विरुद्ध विषवमन करते हैं। अगर हम यह माने कि जनमानस उनके साथ है तो प्रश्न यह उठता है कि चुनावों में 70 फीसदी मतदान कैसे हो जाता है? तय बात है कि अलगाववादियों का ज्यादा प्रभाव नहीं है पर उनके छुट्टी बनाने का अवसर भी नियमित कमाई वाला जनमानस चूकता नहीं है-यही सोचकर कि वह भले ही कथित आजादी का समर्थक न हो पर दिखे जरूर ताकि कोई आपत्ति न उठाये। 
अब जिस तरह 10 दिन से कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लागू है उससे वहां के व्यवसायियों के लिये चिंत्ताजनक होगा।  संभव है उनका सरकार के प्रति गुस्सा हो पर अब उन्हें उन अलगाववादियों से भी सवाल करने ही होंगे कि वह अपने बच्चों को तो अच्छे भविष्य के लिये बाहर भेजते हैं जबकि अन्य युवकों हिंसा के लिये उकसाते हैं। कुछ सामान्य कश्मीरियों के मन में यह बात अगर हो कि पश्चिमी देश मानवाधिकारों के नाम पर कभी भारत सरकार पर दबाव बनायेंगे तो भूल जायें क्योंकि वह भी अब आतंकवाद के ऐसे दौर में पहुंच गये हैं जहां से निकट भविष्य में उनका निकलना कठिन है। कश्मीर में तीस चालीस लोग किश्तों में ही मरे दस दिन हो गये हैं जबकि इसी बीच पश्चिम में फ्रांस व तुर्की में एक ही दिन की  हिंसा में उससे दुगुने लोग मर चुकें हैं और विश्व प्रचार माध्यम उन्हीं में व्यस्त हैं-कश्मीर उनके लिये एक छोटी खबर की तरह चल रहा है। पाकिस्तान की अंदरूनी हालत देखने के बाद भी यह चंद कश्मीरी अगर यह सोचते हैं कि वह विश्व मंच पर साथ देकर बचायेगा तो यह भ्रम भी छोड़ दें क्योंकि भारत उसकी हर चाल नाकाम कर देगा। महत्वपूर्ण यह कि एक बार अगर कश्मीर के पर्यटन व्यवसाय का क्रम रुका तो फिर दोबारा बनना कठिन होगा। इसलिये बेहतर होगा कि सामान्य जनमानस अपनी मानसिकता में बदलाव लाये। 
आखिरी बात यह कि 1500 के लगभग सुरक्षा सैनिकों को पत्थरों से घायल करने वालों पर आखिर क्या बरसाना चाहिये? गुलाब के फूल! जान लेने वाली गोली नहीं मारें! नहीं मार रहे। घायल करने वाली गोलियां भी न बरसायें क्या? जिन्हें मानवता की चिंता है वह स्वयं सैनिकों के आगे जाकर इन लोगों का सामना करें? तब पता लग जायेगा कि सामने से आता पत्थर कितना घाव दे सकता है।
-----------------------------


Wednesday, July 6, 2016

राजसी कर्म में फल की प्रधानता होती है-हिन्दी चिंत्तन लेख(Hindu Religion thought Article On Society)

                    आप अगर सात्विक हैं पर ज्ञानी नहीं तो आपका राजसी कर्म उस रूप में फलीभूत नहीं रह सकता जिस तरह चाहते हैं। इस संसार में कर्म तीन प्रकार हैं होते है-सात्विक, राजसी तथा तामसिक। इसमें राजसी कर्म में कर्म व फल का भौतिक सिद्धांत चलता है जिसमें कल्पना या आदर्श ढूंढना अज्ञान ही कहा जा सकता है।
                1.राजसी कर्म में संलिप्त लोगों में फल की कामना होती है और जब वह आपका सहयोग करें तो कार्य संपन्न होने पर पुरस्कृत अवश्य करें।
                     2. हम यह कभी मानकर न चलें कि सात्विक व्यक्ति अगर राजसीकर्म में सहयोग कर रहा है तो उसे पुरस्कार की आवश्यकता नही है।  यह मानकर कि वह निष्कामी है और हमारा काम करना उसका कर्तव्य है उसे पुरस्कार न दें। ऐसा सोचना अज्ञान है।
                      3.एक बात याद रखें सात्विक ज्ञानी व्यक्ति की आंतरिक शक्तियां इतनी प्रबल होती हैं कि वह समय पर अगर कर्तव्य निभाता है तो पुरस्कार न मिलने को अपमान समझकर वह दंड भी दे सकता है।
               4.अपना काम निकल जाने पर सात्विक ज्ञानियों को भूल जाने वाले कृतघ्न बहुत जल्दी अपने स्थिति से गिर जाते हैं।

                   हम इतिहास का अध्ययन करें तो जिन राजपुरुषों ने सात्विक, ज्ञानी, तथा योगियों का सम्मान किया उन्होंने दीर्घ अवधि तक राज किया पर जिन्होंने उनका अपमान किया वह अंततः अपनी स्थिति से भ्रष्ट होकर काल कलवित हो गये। महाभारतकालीन विद्वान विदुर जी का कहना है कि बुद्धिमान की बाहें लंबी होती है उससे कभी बैर नहीं लेना चाहिये। उसी तरह उन्होंने यह भी का है कि अपना काम करने वालों को उपयुक्त पुरस्कार देखकर उसकी प्रसन्नता क्रय करना चाहिये।
----------------

अध्यात्मिक पत्रिकाएं