समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका
-------------------------


Saturday, January 8, 2011

बुद्धि और आत्मा का रहस्य समझना जरूरी-हिन्दी चिंतन आलेख (buddhi aur atma ka rahsya-hindi chitan alekh)

हम क्या हैं? बुद्धि कहती हैं कि मै हूं और मन इस अहंकार के बोध में बेलगाम विचरण करता है। दैहिक क्रियाओं में कर्तापन की अनुभूति आदमी को ज्ञान से परे कर देती है। आदमी यानि अध्यात्म! पुरुष हो या स्त्री वास्तव में परमात्मा का अंश आत्मा है! वह इस देह को धारण किये है इसलिये उसे अध्यात्म भी कहा जाता है। वह कर्ता नहीं दृष्टा है मगर योग साधना से विरत मनुष्य की बुद्धि इस ज्ञान को ग्रहण नहीं करने देती और मन इधर से उधर उसे दौड़ाता है। मन के विषय में पतंजलि योग विज्ञान बहुत कुछ कहता है। जरूरत है उसे समझने की। उसमें कहा गया है कि
सत्वपुरुषान्यताख्यातिमात्रस्य सर्वभाधिष्ठास्तृत्वं सर्वज्ञातृत्वं च।
"बुद्धि और पुरुष (आत्मा) के अंतर का आभास जिसे समझ में आ जाता है ऐसा समाधिस्थ योगी सभी प्रकार के भावों पर स्वामित्व प्राप्त कर लेता है।"
हम आत्मा है! न वह खाता है न वह पीता है न वह सोचता है न बोलता है। यह सारे कार्य तो उस देह के अंग स्वतः कर रहे हैं जिसको आत्मा यानि हमने धारण किया है। देह की आवश्यकतायें असीमित पर अध्यात्म की भूख सीमित है। वह केवल ज्ञान के साथ जीना चाहता है। वह दृष्टा तभी बन सकता है जब हम योग के द्वारा अपनी इंद्रियों के गुणों से उसे सुसज्जित करें। इसके लिये जरूरी है कि ध्यान करते हुए समाधि के माध्यम से उन पर नियंत्रित कर उनका स्वामी बनने का प्रयास किया जाये। नाक है तो सुगंध ग्रहण करेगी, आंख है तो देखेगी और कान है तो सुनेंगे। बुद्धि का काम है विचार करना और मन का काम है इधर उधर विचरण करना। ऐसे में हम अध्यात्मिक ज्ञान को तभी प्राप्त कर सकते हैं कि जब संकल्प धारण करें। सदैव बहिर्मुखी रहने की बजाय अंतर्मुखी होने का प्रयास भी करें। जब हम अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण कर अपने अध्यात्म से संपर्क कर लेंगे तो वह दृष्टा भाव को प्राप्त होगा तब निराशा, प्रसन्न्ता, शोक तथा हर्ष के भाव पर स्वामित्व प्राप्त हो जायेगा। जिस तरह स्वामी अपने अनुचरों के कर्म से विचलित नहीं होता और मानता है कि यह काम तो उनको करना ही है उसी तरह हम भी यह देखने लगेंगे कि शरीर के अंग हमारे सेवक है और उनको काम करना है तब ऐसा आनंद प्राप्त होगा जो विरलों को ही प्राप्त होता है। ऐसे ही विरले लोग ही सहज योगी कहलाते हैं ।
-----------------
संकलक, लेखक और संपादक-दीपक राज कुकरेजा ‘भारतदीप’,ग्वालियर 
athor and editor-Deepak Raj Kukreja "Bharatdeep",Gwalior
http://zeedipak.blogspot.com

यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन

Thursday, December 9, 2010

कानून की छत के नीचे-हिन्दी कविता (kanoon ki chhat ke neeche-hindi poem)

कानून की छत के नीचे
कुछ इंसानों का झुंड शांति से खड़ा है,
ऊपर हैं कुछ लोग जिनका कद बड़ा है।
सीढ़ियों पर लगी है एक तख्ती
यहां आम इंसान का प्रवेश वर्जित है,
कैसे ऊपर जाने की पात्रता पायें
सोच रहा है हर कोई
जो कानून की छत के नीचे
आम इंसानों की भीड़ में खड़ा है।
----------------
भीड़ में चमकने की ख्वाहिश
इंसान को अंधा बना देती है,
अपना अक्स नहीं देख पाते कुछ लोग
पर दूसरों को अपना रुतवा दिखाने की चाहत
उनको खूंखार बना देती है।
-----------

संकलक, लेखक और संपादक-दीपक ‘भारतदीप’,ग्वालियर 
athor and editor-Deepak "Bharatdeep",Gwalior
http://zeedipak.blogspot.com

यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन
4.दीपक बापू कहिन
५.हिन्दी पत्रिका 
६.शब्द पत्रिका 
७.ईपत्रिका 
८.जागरण पत्रिका 
९.हिन्दी सरिता पत्रिका 

Saturday, December 4, 2010

श्री गुरू ग्रन्थ साहिब से-लोभवश परमात्मा की भक्ति करने का लाभ नहीं

फरीदा जा लबहु त नेहु किआ लबु त कूढ़ा नेहु।
किचरु झति लघाइअै छप्पर लुटै मेहु।
हिन्दी में भावार्थ-
संत फरीद के अनुसार अगर परमात्मा की भक्ति लालच या लोभवश की जाती है तो वह सच्ची नहीं है। एक तरह से बहुत बड़ा झूठ है। ठीक वैसे ही जैसे टूटे हुए छप्पर से पानी बह जाता है वैसा ही हश्र कामना सहित भक्ति का होता है।

दिनु रैणि सभ सुहावणे पिआरे जितु जपीअै हरि नाउ।’
हिन्दी में भावार्थ-
श्री गुरुवाणी में संत फरीद की इस रचना के अनुसार जब मनुष्य ईश्वर के नाम का स्मरण हृदय से करता है तो उसके लिए सभी दिन और रातें सुहावनी हो जाती हैं।
माइआ कारनि बिदिआ बेयहु जनमु अबिरथा जाइ।
हिन्दी में भावार्थ-
श्री गुरुग्रंथ साहिब के अनुसार पैसे के लिए विद्या बेचने वालों जन्म व्यर्थ जाता है।
वर्तमान संदर्भ में संपादकीय व्याख्या-श्रीगुरुग्रंथ साहिब के अनेक संत कवियों की रचनायें शामिल हैं जिसमें संत फरीद का नाम भी आता है। इन सभी संत कवियों ने निष्काम भक्ति के लाभ बताये हैं। दरअसल मनुष्य कामनाओं के साथ हमेशा जीता है और इस कारण पैदा होनी वाली एकरसता अंततः मन में भारी ऊब तथा खीज पैदा करती है। कई लोग मूड बदलने के लिये कहीं पर्यटन तथा पिकनिक के लिये जाते हैं पर फिर लौटते हैं तो वही असंतोष जीवन को घेर लेता है जिसके साथ जी रहे हैं।
अपने मन का मार्ग बदलने के लिये निष्काम होना जरूरी है इसके लिये परमात्मा का नाम स्मरण करना एक श्रेष्ठ मार्ग हैं। मुश्किल यह है कि अज्ञानी मनुष्य भक्ति में कामना रखकर ही चल पड़ता है और इससे उसको कोई लाभ नहीं मिलता। इतना ही नहंी अनेक लोग तो ज्ञान प्राप्त कर उसे बेचकर अपने मन को संतोष देने का प्रयास करते हैं। ऐसे ढोंगी भले ही समाज में पुजते हैं पर मन तो उनका भी संताप से भरा रहता है। निष्काम भक्ति तभी संभव है जब अपने मन को केवल नाम स्मरण में यह सोचकर लगाया जाये कि उससे कोई भौतिक लाभ हो या नहीं पर शांति मिलनी चाहिए।
सच तो यह है कि नाम लेने से भगवान भले न मिलते हों पर मन को संतोष तो मिल ही जाता है जो कि भगवान प्राप्ति की अनुभूति वाला भी भाव है।
............................

संकलक, लेखक और संपादक-दीपक राज कुकरेजा ‘भारतदीप’,ग्वालियर 
athor and editor-Deepak Raj Kukreja "Bharatdeep",Gwalior
http://zeedipak.blogspot.com

यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन

Sunday, November 21, 2010

श्रीगुरुनानक देव के जन्म दिन प्रकाश पर्व का महत्व-हिन्दी लेख (shri gurunanak birth day or janama din and prakash parva-hindi lekh)

आज सारे देश में गुंरुनानकजी का जन्म दिन प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। जहां तक उनके जीवन चरित्र पर चर्चा का प्रश्न है तो उसके बारे में सभी जानते हैं। उनके नाम पर सिख धर्म की स्थापना हुई और सच बात तो यह है कि अनेक समाज विशेषज्ञ पूरी सिख कौम को एक विशेष कौम मानते हुए उसके सभी सदस्यों को सम्मान तथा विश्वास से देखते हैं। कहा जाता है कि सिख धर्म की स्थापना ही हिन्दू संस्कृति की स्थापना के लिए हुई थी। कालांतर में सब बदल गया और राजनीतिक छपकपट के चलते अब सिख और हिन्दू धर्म को अलग अलग माना जाता है।
इसके बावजूद यह सच है कि गुरुनानक इस देश के ऐसे आदर्श पुरुष माने जाते हैं जिन्होंने पूरे भारतीय समाज को एक ऐसा मार्ग दिखाया जिसका यह लाभ हुआ कि लोगों के अंधविश्वासों तथा रूढ़िवादिता के विरुद्ध एक जागरुक समाज खड़ा हुआ। श्रीगुरुनानक देव ने भारतीय समाज में व्याप्त बलि, दहेज तथा अन्य कुप्रथाओं का खुलकर विरोध किया गया। देखा जाये तो भारतीय समाज में सुधार लाने वाले वह ऐसे आधुनिक महापुरुष थे जिनका हर संदेश प्रमाणिक है। वह एक मस्तमौला तथा अध्यात्मिक प्रवृत्ति के महापुरुष थे। उनके व्यक्तित्व की कल्पना ही मन में रोमांच प्रदान करती है। ऐसे महापुरुष को कोटि कोटि प्रणाम।
इस अवसर पर अपने सारे ब्लाग लेखक मित्रों तथा पाठकों हार्दिक बधाई।
------------
संकलक एवं संपादक-दीपक राज  कुकरेजा " भारतदीप",ग्वालियर 
author, writer and editor-Deepak Raj Kukreja "Bharatdeep"
http://anantraj.blogspot.com
------------------------
यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन

Friday, November 5, 2010

धार्मिक विचार-अपने ऊपर निर्भर काम ही शुरू करें

मनुष्य स्वभाव से ही अहंकारी होता है ऐसे में जब उसे कहीं अपने व्यक्तित्व के कमजोर होने की अनुभूति पर वह हताश होता है। आजकल लोगों ने अपनी जरूरतें इतनी बढ़ा ली हैं कि उसके लिये उनको दूसरों की सहायता लेनी पड़ती है जो कालांतर में उनके स्वाभिमान पर आघात पहुंचाती है। जब कोई मनुष्य अपना काम दूसरे पर छोड़ता है तब उसे इस बात का ज्ञान नहीं होता कि उसका बदला भी उसे चुकाना है। ऐसे में जब उसे प्रत्युत्तर में काम करना या दाम देना होता है तब उसका दम फूलने लगता है। शायद इसलिये कहा गया है कि अपना हाथ जगन्नाथ। इसलिये जहां तक हो सके दूसरों पर निर्भर होने वाला काम शुरु ही नहीं करना चाहिए। मनु स्मृति में अनेक ऐसी बातें कही गयी हैं जो आज भी प्रेरणा देती हैं
सर्वे परवशं दुःखं सर्वमात्मवशं सुखम्।
एतद्विद्यात्समासेन लक्षणं सुखदुःखयोः।।
हिन्दी में भावार्थ-
जो कार्य दूसरे के अधीन है वह दुःखदायी होता है। जिस काम पर अपना पूरी तरह से नियंत्रण हो उसी से ही सुख मिलता है। यही सुख और दुःख का लक्षण है।
यत्कर्मकुर्वतोऽस्य स्यात्परितोषोऽन्तरात्मनः।
तत्प्रयतनेन कुर्वीत विपरीतं तु वर्जयेत्।
हिन्दी में भावार्थ-
जिस काम को करने से मन और अंतरात्मा को शांति मिलती हो वही करना चाहिए। जिससे इसके विपरीत स्थिति हो तो उस काम को त्याग देना चाहिए।
वर्तमान संदर्भ में संपादकीय व्याख्या-जब भी हमारे सामने कोई कार्य उपस्थित होता है तो उसके परिणामों, प्रकृति तथा स्वरूप पर अवश्य विचार करना चाहिए। कभी कोई कार्य दबाव या परप्रेरणा से नहीं करना चाहिऐ। इसके अलावा जो कार्य पूरे या आंशिक रूप से दूसरे पर निर्भर हो उसे अपने हाथ में न लें तो ही अच्छा। क्योंकि तब लक्ष्य की प्राप्ति दूसरे की गतिविधि पर निर्भर हो जाती है। अनेक बार ऐसा भी होता है कि दूसरा आदमी अगर अंदर ही अंदर द्वेष रखता है तो वह जानबूझकर उस काम का अपना पूरा या आंशिक दायित्व नहीं निभाता तब अपना लक्ष्य या अभियान संकट में पड़ जाता है।
इसके अलावा किसी भी कार्य को करते हुए इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि उससे अपने मन और अंतरात्मा को संतोष मिलेगा या नहीं। जिस काम को करने से मन और अंतरात्मा में क्लेश होता हो उससे करने का विचार ही छोड़ दें तो ही अच्छा होगा। कहने का अभिप्राय यह है कि अपने हाथ से किये जाने वाले कार्यों पर विचार करना चाहिए ताकि उनके परिणामों को लेकर बाद में पछताना न पड़े। बुद्धिमान व्यक्ति किसी भी काम को करने से पहले उसके हर पहलू पर विचार कर लेते हैं।
अनेक बार हम दूसरों के कहने पर या किसी कि कामयाबी को देखकर वैसा ही काम करने लग जाते हैं। यह देखने का प्रयास ही नहीं करती कि उसने यह सब किया कैसे? ऐसे बिना सोचे काम करने का परिणाम कभी ठीक नहीं होता।
--------------------------

संकलक एवं संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://anantraj.blogspot.com
------------------------
यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन

Saturday, October 30, 2010

कबीर दास के दोहे-भक्ति करने से मान न मिलने पर मूर्ख दुःखी होते हैं (kabir das-bhaki aur samman)

मान बड़ाई ऊरमी, ये जग का व्यवहार।
दीन गरीबी बन्दगी, सतगुरु का उपकार।।
संत शिरोमणि कबीरदास का कहना है कि जिस तरह दुनियां का व्यवहार है उससे देखकर तो यही आभास होता है कि मान और बड़ाई दुःख का कारण है। सतगुरु की शरण लेकर उनकी कृपा से जो गरीब असहाय की सहायता करता है, वही सुखी है।

मान बड़ाई देखि कर, भक्ति करै संसार।
जब देखैं कछु हीनता, अवगुन धरै गंवार।
संत कबीरदास जी कहते हैं कि दूसरों की देखादेखी कुछ लोग सम्मान पाने के लिये परमात्मा की भक्ति करने लगते हैं पर जब वह नहीं मिलता वह मूर्खों की तरह इस संसार में ही दोष निकालने लगते हैं।
वर्तमान संदर्भ में संपादकीय व्याख्या-इस संसार में ऐसे अनेक लोग हैं जो अपनी धार्मिक छबि बनाये रखने के लिये भक्ति का दिखावा करते हैं। इनमें से कुछ तो ऐसे हैं जो गुरु बनकर अपने लिये शिष्य समुदाय का निर्माण कर अपनी रोजी रोटी चलाते हैं। ऐसे दिखावे की भक्ति करने वाले अनेक लोग हैं। इसके विपरीत जो भगवान की वास्तव में भक्ति करते हैं वह उसका प्रयार नहीं करते न ही अपना ज्ञान बघारते हैं।
भक्त और ज्ञानी की पहचान यह है कि वह कभी अपनी भक्ति और ज्ञान शक्ति का बखान नहीं करते बल्कि निर्लिप्त भाव से समाज सेवा करते हुए अपना जीवन यापन करते हैं। अपनी सच्ची भक्ति और ज्ञान के कारण कुछ लोग महापुरुषों की श्रेणी में आ जाते हैं उनको देखकर अन्य लोग भी यही प्रयास करते हैं कि उनकी पूजा हो। यह केवल अज्ञान का प्रमाण है अलबत्ता अपने देश में धार्मिक प्रवचन एक व्यवसाय के रूप में चलता रहा है। इस कारण तोते की तरह किताबों को रटकर लोगों को सुनाते हुए खूब कमाते हैं। उनको देखकर कुछ लोग यह सोचते हुए भक्ति का दिखावा करते हैं कि शायद उनको भी ऐसा ही स्वरूप प्राप्त हो। अनेक लोग संतों की सेवा में इसलिये जाते हैं कि हो सकता है कि इससे उनको किसी दिन उनकी गद्दी प्राप्त हो जाये। ऐसे में भक्ति और ज्ञान तो एक अलग विषय हो जाता है और वह मठाधीशी के चक्कर में राजनीति करने लगते हैं। किताबों को रटने की वजह से उनको शब्द ज्ञान याद तो रहता है ऐसे में वह थोड़ा बहुत प्रवचन भी कर लेते हैं पर उनकी भक्ति और ज्ञान प्रमाणिक नहीं है। वैसे भी अपने पौराणिक ग्रंथों का अध्ययन हर आदमी इतना तो कर ही लेता है कि उसे सारी कथायें याद रहती हैं। नहीं भी अध्ययन करे तो इधर उधर सुनकर उसे बहुत सारी कथायें याद आ ही जाती हैं। । किसी आदमी ने वह भी नहीं किया हो तो अपने अध्यात्मिक दर्शन के कुछ सूक्ष्म सत्य-निष्काम कर्म करो, परोपकार करो, दया करो और माता पिता की सेवा करे जैसे जुमले- सुनाते हुए श्रोताओं और दर्शकों की कल्पित कहानियों से मनोरंजन करता है। उनको सम्मानित होते देख अन्य लोग भक्ति में जुट जाते हैं यह अलग बात है कि कामना सहित यह भक्ति किसी को भौतिक फल दिलाती है किसी को नहीं।
फिर भक्ति हो या ज्ञानार्जन अगर कामना सहित किया जाये और सफलता न मिले तो आदमी संसार में दोष ढूंढने लगता है। यह केवल भक्ति या ज्ञान के विषय में नहीं है बल्कि साहित्य और कला के विषयों में भी यही होता है। आदमी आत्ममुग्ध होकर अपना काम शुरु करता है पर जब उसे सफलता नहीं मिलती तो वह निराश हो जाता है। निष्कर्ष यह है कि सम्मान पाने का मोह आदमी के लिये दुःख का कारण बनता है। एक बात याद रखें सम्मान पाने की चाह पूरी नहीं हुई तो दुःख तो होगा और अगर पूरी भी हो गयी तो अपमान भी हो सकता है। जहां सुख है वहां दुःख भी है। जहां आशा है वहां निराशा भी है। जहां सम्मान है वहां अपमान भी है। अगर सम्मान मिल गया तो चार लोग आपके दोष निकालकर अपमान भी कर सकते हैं।
इसलिये अच्छा यही है कि अपने कर्म निष्काम भाव से करें। इस संसार में निर्विवाद सम्मान पाने का बस एक ही तरीका है कि आप गरीब को धन और अशिक्षित को शिक्षा प्रदान करें। प्रयोजन रहित दया करें। ऐसे काम बहुत कम लोग करते हैं। जो सभी कर रहे हैं उसे आप भी करें तो कैसा सम्मान होगा? सम्मान तो उसी  कार्य करने पर  ही संभव मिलना संभव   है जो दूसरे लोग न करते हों।  अपना और अपने परिवार का भरण पोषण तो सभी करते हैं पर परमार्थ करने वालों को ही सम्मान मिलता है यह बात याद रखें।
-----------------------
संकलक एवं संपादक-दीपक राज कुकरेजा  'भारतदीप',ग्वालियर मध्यप्रदेश
editor and writer-Deepak Raj Kukreja 'Bharatdeep[,Gwalior Madhya Pradesh
http://deepkraj.blogspot.com

-------------------------
यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘शब्दलेख सारथी’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका
3.दीपक भारतदीप का चिंतन

Friday, October 1, 2010

अयोध्या में राम मंदिर प्रचार माध्यमों ने खूब भुनाया-हिन्दी लेख (ram mandir in ayodhya and hindi media-hindi article)

कभी कभी तो ऐसा लगता है कि आम लोगों का ध्यान अन्य विषयों से हटाकर राष्ट्र या समाज की तरफ लगाने के लिये ज्वलंत मुद्दे फिक्स होते हैं। नयी दुनियां में आधुनिक लोकतंत्र में समाज सेवकों, सौदागरों तथा प्रचार प्रबंधकों का संगठित समूह लोगों को बहलाये रखने के लिये अपने साथ किराये के बुद्धिजीवी भी रखने भी लगा है जो अपने से संबंधित विषय का कोई ज्वलंत मुद्दा सामने आने पर संगठित प्रचार माध्यमों में अपनी बात कहने के लिये सजधजकर आते है। जिस तरह राजनीति, व्यवसाय, फिल्मों के साथ ही कला साहित्य के क्षेत्र में में व्यक्तिवाद तथा वंशवाद का बोलबाला प्रारंभ हो गया है। वंशवाद और व्यक्तिवाद अब बौद्धिक क्षेत्र में भी स्थापित किया जा रहा है।
प्रसंग रामजन्म भूमि के संबंध में अदालती फैसले का है। जिस पर भारतीय प्रचार माध्यम पुराने चेहरों को सामने लाकर उनकी प्रतिक्रिया जानने का प्रयास करते रहे। इतना ही नहीं एक चैनल में एक प्रतिष्ठित वकील के पुत्र वकील को ही न्यायिक समीक्षा के लिये बुलवा लिया। उन महाशय ने अपने विचार रखे भी पर तब ऐसा लग लगा कि अपने वकील पिता की वजह से वह उस समय कैमरे के सामने हैं। वरना दूसरे विद्वान वकीलों की कमी है क्या?
कुछ मुद्दों को ज्वलंत बनाये रखने के लिये प्रचार माध्यम सक्रिय रहते हैं। अयोध्या के राम मंदिर पर अदालत के फैसला एक महत्वपूर्ण घटना थी पर कई बरसों तक चले इस प्रसंग में अदालत के बाहर कुछ लोगों ने इससे लोगों की भगवान राम से जुड़ी भावनाओं को उबारे रखा ताकि उनकी लोकप्रियता बनी रहे। आधुनिक लोकतंत्र में यह सब होता है पर सवाल यह है कि अपने देश के समाज सेवा, व्यापार, प्रचार तथा कला समूहों के शिखर पुरुष अपनी बढ़ती उम्र के साथ रूढ़ता का शिकार हो रहे हैं। वह नयी उम्र के युवाओं को अवसर देने की बात तो करते हैं पर उसका दायर अपने परिवार और रिश्तेदारों से आगे नहीं जाता। रामजन्मभूमि के विषय में प्रचार चैनलों में बूढ़े, थके और निरंतर उबाने वाले चेहरों की उपस्थिति इस बात को दर्शाती है कि अदालत में चलने और वही निर्णायक स्थिति में पहुंचने वाले इस मुद्दे पर अनावश्यक रूप से सार्वजनिक बहसें और विवाद हुए। जिसमें आम इंसानों का समय बर्बाद हुआ तो प्रचार माध्यमों ने विज्ञापनों से खूब कमाया।
प्रचार चैनलों के लोग बार बार नयी पीढ़ी की दुहाई देते रहे। उनका कहना था कि 1992 के बाद यह देश बदल गया है। आज की नई पीढ़ी इस तरह के विवाद नहीं चाहती। वह आधुनिक भारत चाहती है। कई चैनल संयमित समाचार देने का दावा कर देश में बनी शांति का श्रेय भी खुद लेते रहे। देश में शांति रही इसका पूरा श्रेय अदालत तथा जजों को जाता है जिन्होंने इतना संतुलित फैसला दिया न कि किसी अन्य व्यक्ति या सस्था को। नयी पीढ़ी को राम जन्मभूमि में दिलचस्पी नहीं है यह सोचना भी गलत है। नयी पीढ़ी राम से दूर हो रही है यह सोचने वाले अंधेरे दिखाकर रौशनी बेचने वाले हैं। पश्चिमी विकास में रची बसी नयी पीढ़ी अध्यात्मिक विषय में दिलचस्पी नहीं लेती ऐसे लोग मंदिरों में नहीं जाते और जाते हैं तो आंखें बंद किये रहते हैं। वहां युवक युवतियों का उतना ही प्रतिशत आता है जितना जनसंख्या में है। देश में कोई धार्मिक उन्माद नहीं था तो इसलिये कि हर उम्र के लोग अब अनेक ऐसे सच इन्हीं प्रचार माध्यमों से जान गये हैं जो पहले छिपाये जाते थे। देश में अब उन्माद नहीं फैलाया जा सकता क्योंकि आम आदमी-इसे आयु वर्ग में बांटना गलत है-इसके पक्ष में नहीं था। जब उन्माद फैला था तब आम आदमी के पास संचार माध्यम इतनी मात्रा में उपलब्ध नहीं थे। कहने का मतलब यह है कि यह दावा कि नयी पीढ़ी के लोग अध्यात्म ज्ञान या धर्म में रुचि नहीं रखते यह वजह शांति की वजह नहीं है बल्कि वह सब जानने लगे हैं कि किस तरह आजकल सभी जगह फिक्सिंग होने लगी है। आखिर अदालत में चलने वाले एक मामले की लंबे समय तक हुई सार्वजनिक बहस किस बात को दर्शाती है? कैसे लोग बातचीत के माध्यम से विवादित मुद्दों पर फैसला करने की बात कहकर अपने विचार व्यक्त करते हैं और अदालत की उपस्थिति छिपाने का प्रयास करते हैं यह समझने की अब जरूरत नहीं है। विज्ञापन के बीच में समय पास करने के लिये कोई विषय प्रचार माध्यमों को चाहिऐ और इसके लिये उन्होंने तोते के रूप में बुद्धिजीवी पाल रखे हैं जो रटी रटाई बात करते हैं।
एक चैनल में बाबा रामदेव आये। बहुत सुखद लगा। यकीनन वह प्रायोजित तोते नहीं है यह बात साफ लगी। उनके आने से पहले दो धर्मों के ठेकेदार वहां बहस कर रहे थे। वही पुरानी बातें। बाबा रामदेव ने कहा कि ‘बाबर एक आक्रमणकारी था और देश को एक भी आदमी उसके नाम के साथ खड़ा नहीं देखा जा सकता। और तो और ओरंगजेब ने भी इतने बरस राज्य किया पर उसकी कौम के लोग उसके नाम के साथ अब खड़े होने की बात नहीं करते। जहां तक राम की बात है तो वह सभी धर्मो के लोगों के घट घट के वासी है और कोई उनके नाम का विरोध कर ही नहीं सकता।’
उनकी बात का किसी ने जवाब नहीं दिया। उस बहस में ऐसा लगा कि जैसे बाज़ार के तयशुदा तोतों के बीच कोई बाहरी आदमी आ गया है तब लगने लगा कि योग की वजह से प्रतिष्ठत  हो चुके बाबा रामदेव को बुलाना एक मजबूरी थी क्योंकि चैनल वालों को भी पता है कि उनके तोता बुद्धिजीवियों के सहारे कार्यक्रम अधिक नहीं चल सकते।
कुछ प्रचार प्रबंधकों को अफसोस है कि कहीं इस मुद्दे का पटाक्षेप होने से उनका घाटा न हो जाये क्योंकि इससे उनका अनेक बार अच्छा समय पास हो जाता था। सच बात तो यह है कि अब इस मद्दे की हवा ही निकल गयी है। हालांकि अभी उच्च न्यायालय का फैसला है और सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा अभी बाकी है पर माननीय ज़जों ने अपने परिश्रम, विवेक और सदाशयता उपयोग कर जो निर्णय दिया है उससे देश के आम नागरिकों ने चैन की सांस ली है।
आखिरी बात यह है कि प्रचार माध्यम कल सहमे हुए लग रहे थे। बार बार यह कहना कि यह अंतिम फैसला नहीं है बल्कि आगे यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में भी जा सकता है, उनके डरपोक होने का प्रमाण है। साथ ही यह भी दर्शाता है कि बड़े शहरों के बाहर वह आम जनता को नहीं जानते। कभी राम जन्म भूमि पर घर घर चर्चा होती थी क्योंकि सीमित प्रचार माध्यम सच से हटकर उकसाने की बात करते थे। दूसरा यह भी कि समाज में चेतना का अभाव था। अब अनेक प्रकार के संचार माध्यमों उनके पास है। सबसे बड़ी बात यह कि इंटरनेट और अनेक टीवी चैनलों ने समाज में लोगों की रुचियों के अनुसार उसेे विभक्त कर दिया है और किसी एक विषय को लेकर उसे संगठित करना अब समाज के ठेकेदारों के लिए दुरुह कार्य हो गया है। ऐसे में राममंदिर या बाबरी मस्जिद के नाम पर समुदायों को संगठित करने का प्रयास यूं भी जोखिम भरा हो सकता था कि कहीं वह निष्फल न हो जाये। इससे अनेक शिखर पुरुषों की पोल खुल जाती। राम मंदिर पर आगे क्या होगा? हम जैसा आम ब्लाग लेखक भविष्यवाणी नहीं कर सकता पर अब इसकी हवा निकल गयी है और अदालत के फैसले का पालन कर ही शिखर पुरुष अपनी प्रतिष्ठा बचा सकते हैं। प्रचार माध्यमों ने भी इस विषय पर संयमित खबरें इसलिये दी क्योंकि उनको मिलने वाले विज्ञापनों के उत्पाद बाज़ार में बिकते हैं। उनके विज्ञापनदाता इधर कॉमलवेल्थ और उधर आस्ट्रेलिया भारत क्रिकेट टेस्ट से भी जुड़े हैं। देश में तनाव होगा तो हानि उनके राजस्व की होगी।
जय श्री राम जय श्री कृष्ण
________________________

संकलक, लेखक और संपादक-दीपक भारतदीप,ग्वालियर 
http://dpkraj.blogspot.com
-----------------------------
यह पाठ मूल रूप से इस ब्लाग‘दीपक भारतदीप की अंतर्जाल पत्रिका’ पर लिखा गया है। अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द लेख पत्रिका
2.शब्दलेख सारथि
3.दीपक भारतदीप का चिंतन
हिन्दी साहित्य,समाज,अध्यात्म,अयोध्या में राम मंदिर पर अदालत का फैसला,अयोध्या में राम जन्मभूमि,न्यायालय का निर्णय,ram mandir par adalat ka faisla,rammandir ka result,ayodhya men ram janamabhoomi,ayodhya mein ram janmabhoomi,ayodhya men ram mandir,aydhya mein rammandir,ayodhya men ramlala,ayodhya mein ram ramlala,court vardict on ram mandir and ram janmabhoomi,vardict on ayodhya of court,धार्मिक विचार,हिन्दू धार्मिक विचार,hindi dharmik vichar,dharmik vichar,Religious thought,hindu Religious thought

अध्यात्मिक पत्रिकाएं